करका के जंगलों में अतिक्रमण पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को कब्जे से कराया मुक्त

धमतरी/गरियाबंद। महानदी के उद्गम क्षेत्र करका के जंगलों में अतिक्रमण पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. इस दौरान वनकर्मियों और ग्रामीणों के बीच झड़प जैसी स्थिति भी बनी. गुरुवार को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को कब्जे से मुक्त कराया. कार्रवाई के दौरान महिला वनकर्मियों समेत 400 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहे.

कार्रवाई के दौरान टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आगजनी की कोशिश और महिला वनकर्मी पर हमले की घटना भी सामने आई. इन मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. विभाग ने बताया कि कार्रवाई में बाधा डालने, आगजनी के लिए उकसाने और अतिक्रमणकारियों को बरगलाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में पीओआर दर्ज करने की तैयारी है.

जंगल की जमीन पर कब्जा कर खेती का दायरा बढ़ाने और पेड़ों को नुकसान पहुंचाने की गतिविधियां लंबे समय से जारी थीं. विभागीय आकलन के अनुसार करका क्षेत्र में करीब एक लाख पेड़ों की कटाई और क्षति हुई है. वन विभाग ने अतिक्रमण हटाने के साथ ही प्रभावित क्षेत्र में जंगल को दोबारा विकसित करने और जल संरक्षण के काम भी शुरू किए हैं.

सामुदायिक वन अधिकार मिला

करका ग्रामसभा को वर्ष 2020 में करीब 2,200 हेक्टेयर वन क्षेत्र में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार दिए गए थे. इसका मकसद ग्रामीणों की भागीदारी से जंगल की सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना था. लेकिन वन विभाग के मुताबिक, पिछले करीब एक दशक में इस क्षेत्र में पेड़ों को काटने, तनों को छल्ले के आकार में काटकर सुखाने और वनभूमि पर खेती करने जैसी गतिविधियों से जंगल को नुकसान पहुंचाया गया.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment