सूरजपुर…. सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले पुलिस आरक्षक अभय पाण्डेय के परिवार को अब एक बड़ा आर्थिक सहारा मिला है। पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दिवंगत आरक्षक की पत्नी को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है, ताकि वे अपने जीवन को दोबारा व्यवस्थित कर सकें।
घटनाक्रम के अनुसार, आरक्षक अभय पाण्डेय सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने में तैनात थे। 2 फरवरी 2026 को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इस हादसे ने न केवल पुलिस विभाग को झकझोरा, बल्कि उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया था। परिवार की इसी कठिन परिस्थिति को देखते हुए विभाग ने आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की पहल की। हाल ही में पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल और भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक बृजेश गुप्ता ने आरक्षक की पत्नी पूनम पाण्डेय को एक करोड़ रुपये का चेक सौंपा। इस मौके पर अधिकारियों ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी और भविष्य में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पूनम पाण्डेय ने इस मदद के लिए छत्तीसगढ़ शासन, गृह एवं पुलिस विभाग और एसबीआई के अधिकारियों का आभार जताया है।







