धमतरी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक भावना पाण्डेय के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही के साथ-साथ आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) रूपेश कुमार के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू के नेतृत्व में 20 नवंबर को विशेष वाहन चेकिंग एवं चालानी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए निम्नलिखित प्रकरणों में वैधानिक कदम उठाए गए।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्यवाही
वाहन चेकिंग के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए 02 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। शराब के नशे में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्यवाही
वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज एवं कर्कश आवाज निकालने वालों के विरुद्ध भी यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाई। चेकिंग के दौरान एक वाहन में लगा मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर संबंधित चालक के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए मौके पर ही साइलेंसर जब्त किया गया। इस प्रकार के साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलने के साथ ही आम नागरिकों, बुजुर्गों, बच्चों एवं मरीजों को भी परेशानी होती है।
नाबालिग को वाहन देने वाले पालक के विरुद्ध कार्यवाही
वाहन जांच के दौरान एक नाबालिग को वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। यातायात पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को मौके पर बुलाकर समझाइश दी तथा नाबालिग को वाहन चलाने देने के संबंध में पालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस ने परिजनों को स्पष्ट रूप से समझाया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना उनके जीवन के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम है।







