धमतरी। ग्राम बाहनापथरा में 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना पर केरेगांव पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यवान ध्रुव निवासी कोटाभर्रीडीह, थाना केरेगांव ने पुलिस को बताया कि 25.11.2026 की रात्रि करीब 11:30 बजे वे भोजन करने के पश्चात घर में सो रहे थे। इसी दौरान ग्राम बाहनापथरा निवासी राजकुमार कमार उनके घर पहुंचा और आवाज देकर उन्हें उठाया।
राजकुमार कमार ने बताया कि वह शाम करीब 07:00 बजे स्टॉप डैम में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल को देखने गया था। रात्रि करीब 08:00 बजे घर वापस लौटने पर उसने अपनी पत्नी सत्याबाई कमार (उम्र 34 वर्ष) को घर की परछी में गंभीर रूप से घायल अवस्था में छटपटाते हुए देखा। उसके माथे, ठुड्डी, पैर एवं भुजा में चोट के निशान थे। कुछ ही समय बाद उसकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलने पर प्रार्थी सत्यवान ध्रुव राजकुमार कमार के घर पहुंचे, जहां महिला का शव कंबल से ढका हुआ मिला। कंबल हटाकर देखने पर मृतिका के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान दिखाई दिए। इसके पश्चात पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही थाना केरेगांव पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रार्थी सत्यवान ध्रुव एवं ग्राम कोटवार हीरासिंह नेताम की उपस्थिति में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए धारा 194 बीएनएसएस. के मर्ग कायम किया गया तथा शव पंचनामा की कार्यवाही की गई।
पुलिस द्वारा मृत्यु से संबंधित परिस्थितियों, घटनाक्रम एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर ही महिला की मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल महिला की मृत्यु के वास्तविक कारण एवं उससे जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो पाई हैं। पुलिस द्वारा मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।







