धमतरी। संबलपुर बायपास मार्ग के किनारे अचानक आग लगने की सूचना प्राप्त होते ही धमतरी पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
जिसकी सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) धमतरी अभिषेक चतुर्वेदी के नेतृत्व में अर्जुनी थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक सीएसपी धमतरी, थाना प्रभारी अर्जुनी एवं पुलिस टीम द्वारा मौके पर मौजूद संसाधनों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया तथा आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से प्रभावी रूप से रोका गया।
फायर ब्रिगेड की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस एवं फायर ब्रिगेड के संयुक्त प्रयासों से आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया। पुलिस की त्वरित सूझबूझ, तत्परता एवं समन्वित कार्यवाही के कारण संभावित बड़ी दुर्घटना एवं व्यापक नुकसान टल गया।









