सुशासन तिहार : परसट्ठी समाधान शिविर में 370 आवेदनों का मौके पर निराकरण, ग्रामीणों को मिली योजनाओं की सीधी सौगात

धमतरी। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत परसट्ठी में क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परसट्ठी, नवागांव, चंदना, चन्द्रसुर, बुड़ेनी, भेण्डरी, परेवाडीह, मोहरेंगा, कुण्डेल एवं धौराभाठा (कु.) सहित 10 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर में प्राप्त मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदनों के निराकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा मौके पर ही बड़ी संख्या में प्रकरणों का समाधान किया गया। परसट्ठी क्लस्टर में कुल 642 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 608 मांग एवं 34 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। इनमें से 368 मांग तथा 2 शिकायतों सहित कुल 370 आवेदनों का तत्काल निराकरण कर संबंधित हितग्राहियों को जानकारी प्रदान की गई। शेष प्रकरणों के निराकरण की कार्यवाही भी संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में की जा रही है।

समाधान शिविर केवल शिकायत निवारण का मंच नहीं रहा, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी बना। शिविर में विभागीय स्टॉलों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं की स्वीकृतियां, प्रमाण पत्र और आवश्यक सामग्री वितरित की गई। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा तीन हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड प्रदान किए गए, वहीं समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए। श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों को श्रम कार्ड वितरित कर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर स्थल पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर 58 ग्रामीणों का सिकल सेल, रक्तचाप, मधुमेह, सर्दी-बुखार एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही पात्र वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड भी वितरित किए गए। परिवहन संबंधी सेवाओं के तहत 12 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए तथा पांच हितग्राहियों को मौके पर लाइसेंस प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष  विरेन्द्र कुमार साहू, कृषि सभापति राजेश कुमार साहू, जिला पंचायत सदस्य  मीना डेमू साहू सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा प्राप्त प्रत्येक आवेदन का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

ग्रामीणों ने समाधान शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने और समस्याओं के त्वरित निराकरण पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे जनहित में प्रभावी पहल बताया। सुशासन तिहार के तहत आयोजित ऐसे शिविर शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच को गांव-गांव तक सुनिश्चित कर रहे हैं।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail