चरमुड़िया में बिजली उपकेंद्र का उद्घाटन

कुरूद। धमतरी जिले के कुरूद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर करने के लिए CSPDCL ने बड़ी पहल की है। कुरूद विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने  7 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया।

इसके तहत ग्राम चरमुड़िया में 2.17 करोड़ की लागत से बने नए बिजली उपकेंद्र का उद्घाटन हुआ। साथ ही चोरभट्ठी लागत 3.16 करोड़ और बगौद औद्योगिक क्षेत्र लागत 2.27 करोड़ में बनने वाले दो नए उपकेंद्रों का शिलान्यास भी किया गया। इससे स्थानीय लोगों और उद्योगों को बिना रुकावट बेहतर बिजली मिलेगी।

विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि, किसी भी समाज की प्रगति का आकलन केवल आय से नहीं बल्कि नागरिकों को उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण आवास और निर्बाध बिजली जैसी सुविधाएं बहुआयामी गरीबी से मुक्ति के प्रमुख संकेतक हैं। यदि लोगों को बेहतर उपचार, पर्याप्त बिजली और सुरक्षित आवास उपलब्ध हो रहे हैं तो यह समग्र विकास का प्रमाण है।

बिजली खपत भी प्रगति का महत्वपूर्ण संकेतक
अजय चंद्राकर ने कहा कि, किसी भी राज्य की उन्नति विभिन्न सामाजिक और आर्थिक सूचकांकों से मापी जाती है, जिनमें प्रति व्यक्ति बिजली खपत भी एक महत्वपूर्ण मानक है। उन्होंने बताया कि, राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने बिजली उत्पादन और वितरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। घरेलू, कृषि और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए पृथक विद्युत लाइनों की व्यवस्था कर आपूर्ति को अधिक प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हजारों उपभोक्ताओं और किसानों को मिलेगा लाभ
नवनिर्मित चरमुड़िया उपकेंद्र से कुरूद वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले 11 गांवों के 6,662 उपभोक्ताओं तथा 686 किसानों को बेहतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी। वहीं चोरभट्ठी उपकेंद्र से कुरूद एवं भखारा वितरण केंद्र के आठ गांवों के 5,102 उपभोक्ता और 840 कृषक लाभान्वित होंगे। बगौद उपकेंद्र के निर्माण से औद्योगिक क्षेत्र को निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे उद्योगों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी फायदा मिलेगा।

क्षेत्रीय विकास में विधायक की भूमिका की सराहना
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत कुरूद अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू ने की। उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का श्रेय विधायक अजय चंद्राकर की दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों को दिया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail