गरियाबंद। ग्राम पंचायत जोबा के आश्रित ग्राम केराबाहरा में रविवार देर रात एक तेंदुआ घर में घुसकर दो बकरियों को मार गया।
जानकारी के अनुसार, केराबाहरा निवासी रेखाराम सोम के घर में बंधी दो बकरियों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना के समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। बकरियों की आवाज सुनकर जब तक परिजन बाहर निकलते, तब तक तेंदुआ दोनों बकरियों का शिकार कर चुका था। इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिनों पूर्व भी तेंदुए ने एक बछड़े का शिकार किया था। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। शाम होते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं और खेतों व जंगल की ओर जाने से परहेज कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। विभाग ने तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाने की बात कही है।







