कुरूद…. कुरूद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कचना में एक अवैध पैथोलॉजी लैब खुलेआम संचालित हो रही है। इस लैब का नाम एडवांस पैथोलॉजी लैब है, जो बिना जिला चिकित्सा कार्यालय से पंजीयन कराए मरीजों की जांच कर रही है। इस मामले ने स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश पैदा कर दिया है। लैब संचालक का खुलासा…स्थानीय लोगों द्वारा पूछताछ करने पर लैब संचालक टिकेश्वर साहू (ग्राम भेंड़री, बड़े करेली निवासी) ने कई महत्वपूर्ण बातें स्वीकार कीं। उन्होंने बताया कि यह लैब वर्ष 2024 से लगातार संचालित हो रही है।
जब उनसे लैब टेक्नीशियन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने विकास कुमार साहू (बूड़ेनी निवासी) का नाम बताया। लेकिन आगे पूछने पर टिकेश्वर साहू ने खुलासा किया — “विकास नहीं आते, मैं खुद ही लैब चलाता हूं।” अवैध तरीके से संचालन…हैरान करने वाली बात यह है कि टिकेश्वर साहू खुद आसपास के पूरे क्षेत्र के गांवों में जाकर ब्लड सैंपल कलेक्शन करते हैं। वे मरीजों के घर-घर पहुंचकर जांच के लिए सैंपल लेते हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आसपास के जितने भी डॉक्टर हैं, उन्हें रिपोर्ट आने पर 50 प्रतिशत कमीशन दिया जाता है। इस तरह का कमीशन सिस्टम पूरे क्षेत्र में फैला हुआ प्रतीत होता है। जब उनसे पूछा गया कि किस डिग्री, योग्यता और सरकारी पंजीयन के आधार पर लैब संचालित कर रहे हैं, तो टिकेश्वर साहू ने बताया कि उनके पास केवल ग्राम पंचायत से वर्ष 2024 में लिया गया अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) है। जिला स्वास्थ्य कार्यालय या किसी उच्च अधिकारी से कोई पंजीयन या अनुमति नहीं ली गई है।







