मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन निर्माण के लिए 2.50 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति

जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार को मिलेगी नई गति, ग्रामीण अंचलों को मिलेगा बेहतर उपचार

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के मुख्य बजट अंतर्गत धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के नवीन भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति राज्य सरकार की ग्रामीण क्षेत्रों में सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण प्रमाण है।
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए राज्य शासन लगातार अधोसंरचना विकास, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हाल के वर्षों में स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, चिकित्सकीय मानव संसाधन की व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के विस्तार से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था लगातार मजबूत हुई है।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि “राज्य शासन द्वारा धमतरी जिले में और बेहतर स्वास्थ्य अधोसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के नवीन भवन निर्माण की स्वीकृति ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिले में प्रस्तावित नए अस्पतालों, ट्रॉमा सेंटर एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के उन्नयन से आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण उपचार अपने निकट ही उपलब्ध होगा। जिला प्रशासन सभी परियोजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है।”
मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के नवीन भवन निर्माण से क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा तथा चिकित्सकीय सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके साथ ही शासन द्वारा मगरलोड अस्पताल को 30 बिस्तर अस्पताल के रूप में उन्नत करने की दिशा में आवश्यक तैयारियां भी पूर्ण कर ली गई हैं। आगामी समय में जिले में 100 बिस्तर अस्पताल कुरूद, 200 बिस्तर जिला अस्पताल धमतरी, नगरी में ट्रॉमा सेंटर तथा बेलरगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन की दिशा में भी कार्यवाही प्रगति पर है।
राज्य शासन की इस पहल से धमतरी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और अधिक सुदृढ़ होगा तथा ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को आधुनिक, सुलभ और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment