सेवा सेतु पोर्टल से डिजिटल सुशासन को नई रफ्तार, धमतरी में 441 से अधिक ऑनलाइन सेवाओं का मिल रहा लाभ

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने हितग्राहियों को वितरित किए ऑनलाइन जारी जाति प्रमाण पत्र, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाओं की सराहना

धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन की पहल को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नई गति मिल रही है। जिले में नागरिकों को अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एकीकृत ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान होने के साथ ही आम लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से भी राहत मिली है।
धमतरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं उच्च शिक्षा मंत्री  टंकराम वर्मा ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से जारी जाति प्रमाण पत्र हितग्राहियों को वितरित किए। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल शासन की नागरिक-केंद्रित सोच का प्रभावी उदाहरण है, जिसके माध्यम से आम लोगों तक शासकीय सेवाएं त्वरित, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से पहुंच रही हैं।
सेवा सेतु पोर्टल पर आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन, भू-अभिलेख संबंधी सेवाएं, नाम संशोधन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन, श्रम, राजस्व सहित विभिन्न विभागों की 441 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। पोर्टल पर आवेदन की ऑनलाइन ट्रैकिंग और निर्धारित समय-सीमा में निराकरण की सुविधा भी दी गई है।
इस व्यवस्था से नागरिकों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं, वहीं सेवा वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जवाबदेह बनी है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से शासन और आम जनता के बीच की दूरी कम हो रही है तथा सेवा सेतु पोर्टल प्रदेश में सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment