धमतरी। प्रदेशवासियों को साइबर क्राइम के विरुद्ध, जागृत एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से, छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर, 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” का आयोजन किया जाएगा। 15 अगस्त 1947 को, करोड़ों देशवासियों के प्रयासों से देश को मिली आज़ादी के भाव से प्रेरित यह अभियान, साइबर क्राइम के विरुद्ध एकजुटता से जागरूकता लाने और छत्तीसगढ़ को साइबर क्राइम मुक्त बनाने का अभिनव प्रयास है ।
साइबर क्राइम के विरुद्ध निरंतर चलाए जा रहे अभियानों के क्रम में, छत्तीसगढ़ पुलिस का “साइबर जागृति अभियान”, देश के सबसे अनोखे, इनोवेटिव और ट्रेंडी अभियानों में से एक है। इस अभियान की मुख्य थीम है:- “साइबर जागृति की एक सेल्फी” । बड़ी संख्या में राज्यवासी, छत्तीसगढ़ पुलिस और संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स में जारी लिंक को क्लिक कर या QR code को स्कैन कर, जागरूकता के संदेश वाली “सेल्फी फ्रेम” में अपनी सेल्फी लेकर, उस सेल्फी को स्वयं के सोशल मीडिया हैंडल्स में पोस्ट करेंगे। प्रदेश भर के लाखों लोग, छत्तीसगढ़ पुलिस की जागरूकता संदेश वाली “सेल्फी फ्रेम” को सोशल मीडिया में शेयर करेंगे तो, साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता का संदेश उनके फॉलोअर्स और फ्रेंड्स तक पहुंचेगा, जिससे अधिक से अधिक लोग साइबर क्राइम के प्रति जागृत होंगे। इस अभियान का उद्देश्य, जनभागीदारी से साइबर क्राइम के विरुद्ध जागरूकता का संदेश पहुंचाना है। सोशल मीडिया के माध्यम से यह संदेश, सरल और प्रभावी ढंग से अधिक से अधिक लोगों तक तेज़ी से पहुंच सकेगा ।
जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ो देशवासी एकजुट होकर लड़े थे उसी तरह हम भी साइबर क्राइम के विरुद्ध साथ मिलकर जिला वासियों को जागृत करना होगा और उन्हें साइबर सुरक्षित बनाना होगा उन्होंने आमजन से अभियान को सफल बनाने अपील करते हुए कहा कि “साइबर जागृति अभियान”, के लिए, जागरूकता की एक सेल्फी” लें, उस सेल्फी को सोशल मीडिया में शेयर करें और साइबर अपराध को रोकने, जिला पुलिस का सहयोग करें।”
“साइबर जागृति अभियान” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने, .. जिला पुलिस ने जिले में अभियान को एक व्यापक स्वरूप दिया है।
15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक यानि 07 सप्ताह में प्रदेश भर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पहले सप्ताह: डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा के लिए स्कूल/कॉलेजों में अभियान
दूसरे सप्ताहः वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा पर बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में अभियान
तीसरे सप्ताह: डिजिटल अरेस्ट और फ़र्ज़ी कॉल के विषय पर वरिष्ठ नागरिकों के संग टाउन हॉल का आयोजन
चौथे सप्ताह: स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउज़िंग पर महिला कॉलेजों, सामुदायिक समूहों के बीच अभियान
पांचवे सप्ताह: जॉब फ्रॉड और फिशिंग को लेकर युवाओं को जागरूक करने रोजगार कार्यालयों, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में कार्यक्रम का आयोजन
छठवें सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं के विषय पर अभियान
सातवें सप्ताह: ग्राम पंचायतों, निकायों में गांधी जयंती के उपलक्ष्य में साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ का “संकल्प” अभियान
अभियान का समापन
02 अक्टूबर 2026 ‘गांधी जयंती’ के दिन “साइबर जागृति अभियान” का समापन किया जाएगा।
‘जिला पुलिस टीमों एवं स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्क और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR Code को प्रचारित किया जाएगा। साथ ही राज्य पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से एवं व्हाट्सएपप ग्रुप्स में लिंक को शेयर कर अधिक से अधिक लोगों को सेल्फी लेने एवं सोशल मीडिया में शेयर करने प्रोत्साहित किया जाएगा ।










