स्वतंत्रता दिवस पर एसपी भावना पांडेय ने पुलिस कार्यालय धमतरी में किया ध्वजारोहण

धमतरी।  स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में गरिमामय एवं देशभक्तिमय वातावरण में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई तथा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय ने समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमारे वीर सपूतों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं पूर्ण समर्पण के साथ आमजन की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा के लिए धमतरी पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

शहीद परिवारों से मिले एसपी, सुनी समस्याएं-:
स्वतंत्रता दिवस समारोह के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय द्वारा जिले के शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की गई। उन्होंने शहीद परिवारों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं के संबंध में जानकारी ली तथा संबंधित शाखा प्रभारियों एवं अधिकारियों को समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस के वीर शहीदों का बलिदान पूरे पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद परिवार हमारे अपने परिवार का हिस्सा हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए धमतरी पुलिस सदैव प्रतिबद्ध है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment