धमतरी, 15 अगस्त । प्रतिज्ञा विकास संस्थान बालगृह (बालक) धमतरी में आज 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विभा चंद्राकर उपस्थित रहीं। इस अवसर पर दीपक ठाकुर (समाजसेवी), यशवंत बैंस (महिला एवं बाल विकास विभाग, संस्थागत बाल देखरेख संरक्षण अधिकारी), संचालक विजय मिश्रा, बालगृह के अधीक्षक अभिषेक साहू सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रध्वज फहराने एवं राष्ट्रगान के साथ की गई। इसके पश्चात बालगृह के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में बच्चों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान बालगृह के बच्चों ने देशभक्ति गीत, कविता पाठ, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बालगृह के अधिकारी-कर्मचारियों एवं बच्चों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में सभी उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बच्चों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।










