धमतरी। शिक्षकों की कमी से परेशान विद्यार्थियों और ग्रामीणों का आक्रोश अब सड़क पर नजर आने लगा है। धमतरी जिले के ग्राम पंचायत बारना स्थित हाई स्कूल में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं, स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इसके कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए पहले भी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द शिक्षकों की व्यवस्था करने की मांग की थी और समस्या का समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।इसके बावजूद जब शिक्षकों की कमी दूर नहीं हुई तो ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन समिति ने तालाबंदी का फैसला लिया।









