रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रशिक्षकों ने (प्रशिक्षकों ने उठाई मांगें) अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की है। छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षक कल्याण संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी को 16 सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए प्रशिक्षकों के मानदेय, सेवा सुरक्षा, अवकाश और भुगतान व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
संघ की ओर से सौंपे गए मांगपत्र में सबसे प्रमुख मांग व्यावसायिक प्रशिक्षकों के मानदेय को लेकर है। संघ ने हरियाणा और दिल्ली राज्यों की तर्ज पर व्यावसायिक प्रशिक्षकों को 38 हजार 100 रुपए प्रतिमाह सम्मानजनक मानदेय देने की मांग की है। इसके साथ ही मानदेय में प्रत्येक वर्ष नियमित वृद्धि यानी इंक्रीमेंट का प्रावधान लागू करने, तीसरी पार्टी और कंपनी आधारित व्यवस्था को समाप्त करते हुए प्रशिक्षकों को विभागीय व्यवस्था में शामिल करने तथा सेवा सुरक्षा देने की मांग रखी गई है।
संघ ने PAB 2025-26 में स्वीकृत एक हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय वृद्धि की राशि का लाभ दिलाने और संबंधित प्रशिक्षकों को 12 हजार रुपए एरियर्स का भुगतान करने की भी मांग की है।









