‘साइबर जागृति अभियान’- धमतरी पुलिस ने आज 15 स्कूलों में पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश

धमतरी। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में चलाए जा रहे व्यापक “साइबर जागृति अभियान” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में साइबर जागरूकता गतिविधियों को व्यापक रूप से संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिले के सभी अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना एवं चौकी स्तर पर पुलिस टीमों द्वारा स्कूलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं आम नागरिकों के बीच पहुंचकर साइबर सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है।

अभियान का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों एवं युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना तथा ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए जनभागीदारी बढ़ाना है।
स्कूलों में पहुंची पुलिस, विद्यार्थियों को बताए साइबर सुरक्षा के गुर
इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, फेक लिंक, फर्जी KYC अपडेट, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी लॉटरी एवं गिफ्ट मैसेज सहित साइबर अपराधों के तरीकों के बारे में जानकारी दी।

सभी थाना क्षेत्रों के अंतर्गत विभिन्न स्कूलों में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रमों में लगभग 4,000 विद्यार्थी एवं शिक्षकगण शामिल हुए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते स्वरूप, ऑनलाइन ठगी के तरीके एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि साइबर अपराधी किस प्रकार बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार अथवा अन्य परिचित बनकर लोगों को विश्वास में लेते हैं और OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक डिटेल, KYC एवं अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर बैंक खातों से रकम उड़ा लेते हैं। साथ ही विद्यार्थियों को स्वयं सतर्क रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यार्थियों को दिए गए साइबर सुरक्षा के 3 महत्वपूर्ण मंत्र
▪️ OTP कभी साझा न करें
बैंक, पुलिस, कंपनी अथवा किसी भी संस्था का अधिकारी बनकर कोई OTP मांगे तो भी उसे साझा न करें।
▪️ अनजान लिंक पर क्लिक न करें,फ्री गिफ्ट, लॉटरी, पुरस्कार, नौकरी, KYC अपडेट अथवा अन्य लालच वाले संदिग्ध लिंक से सावधान रहें।
▪️ ठगी होते ही तत्काल 1930 पर सूचना दें
साइबर ठगी की स्थिति में घबराएं नहीं, तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें तथा परिजनों और पुलिस को भी जानकारी दें।

“जागरूकता की एक सेल्फी”
से जन-जन तक पहुंचेगा साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को “जागरूकता की एक सेल्फी” अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता का संदेश अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प लिया।
मैं जागरूक हूँ, आप भी जागरूक बनें। छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ से जुडें। लिंक क्लिक करें cgpolice-cyberjaagrutiabhiyaan.com या मेरी सेल्फी फ्रेम में दिए QR कोड़ को स्कैन कर ‘सेल्फी लें’ और अपने सोशल मीडिया में शेयर करें।

जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम
▪️ थाना सिटी कोतवाली – शिव सिंह वर्मा हायर सेकेंडरी स्कूल, धमतरी
▪️ थाना अर्जुनी – स्वामी आत्मानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आमदी
▪️ थाना भखारा – उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पचपेड़ी
▪️ थाना मगरलोड – शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, मगरलोड
▪️ थाना नगरी – पीएम श्री श्रृंगी ऋषि इंग्लिश मीडियम स्कूल, नगरी
▪️ थाना बोराई – हाई स्कूल, बोराई
▪️ थाना कुरूद – हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्राम गुदगुदा
▪️ थाना दुगली – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुगली
▪️ थाना केरेगांव – हायर सेकेंडरी स्कूल, छूही एवं आवासीय विद्यालय, पथरीडीह
▪️ थाना रुद्री – शासकीय माध्यमिक विद्यालय, रुद्री
▪️ चौकी अकलाडोंगरी – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अकलाडोंगरी
▪️ चौकी करेली बड़ी – ग्राम बेलोदी हाई स्कूल
▪️ थाना सिहावा – हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्राम सांकरा
▪️ चौकी बिरेझर – हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्राम मड़ेली

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा व्यापक अभियान
“साइबर जागृति अभियान” 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक निरंतर संचालित किया जाएगा। इस दौरान जिले में विभिन्न वर्गों—विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, ग्रामीणों, श्रमिकों एवं आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

धमतरी पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें, मजबूत पासवर्ड एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाएं, संदिग्ध कॉल/मैसेज/लिंक से सावधान रहें और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत करें।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment