धमतरी…. जिला साहू समाज धमतरी के युवा प्रकोष्ठ द्वारा दानवीर भामाशाह की जयंती को ‘सेवा सप्ताह’ के रूप में मनाते हुए मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की गई। इस दौरान जहाँ धमतरी शहर में सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाई गई, वहीं भखारा में तपती गर्मी से राहत दिलाने हेतु सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
सेवा सप्ताह के अंतर्गत 21 अप्रैल को धमतरी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ बाइक चालकों को हेलमेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके पश्चात, 26 अप्रैल को नगर पंचायत भखारा में भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों को ठंडा शरबत और जल पिलाकर राहत पहुंचाई गई।
इस पुनीत कार्य का शुभारंभ आराध्य देवी भक्त माता कर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान न केवल राहगीरों, बल्कि स्थानीय मजदूरों और नागरिकों ने भी इस पहल का लाभ उठाया।



