तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से 4 साल के मासूम की मौत

SHARE:

रायपुर….  दौंदेकला गांव में शादी समारोह के दौरान तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से 4 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही  मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना ने पूरे गांव में मातम फैला दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार की है। गांव के पूर्व उपसरपंच ढेलूराम वर्मा की पुत्री का विवाह समारोह आयोजित किया गया था। परिवार और मेहमान ‘चूलमाटी’ की रस्म निभाने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान की ओर पैदल जा रहे थे। इस दौरान गांव के मुख्य मार्ग से गुजर रहे एक तेज रफ्तार हाईवा चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और वहां से गुजर रहे मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 वर्षीय बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और रस्म में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया। हादसे में बच्चे की मां भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Join us on:

Leave a Comment