धमतरी। वन परिक्षेत्र सीतानदी, परिसर नकबेल/ घोटबेड़ा कोर क्षेत्र के आरक्षित वन क्षेत्र के क्रमांक 322 एवं 323 में अतिक्रमण करने वाले 22 अतिक्रमणकारियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी अतिक्रमणकारियों को जेल भेज दिया गया। वहीं 25 आरोपी फरार है, जिनकी पतासाजी की जा रही है।
गिरफ्तार 22 में से 5 महिलाओं को महिला प्रकोष्ठ केंद्रीय कारागार रायपुर और 17 आरोपियों को जिला जेल धमतरी भेज दिया गया। इस प्रकरण में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 (1) क, ख, ड, च, ज एवं वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 27. 29, 30, 31, 32, 51, 52 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
उप निदेशक वरुण जैन ने बताया कि उक्त आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी पीओआर न. 14197/21 26-04-2023 एवं 14197/23 12-06-2023 पंजीबद्ध है। जिसमें सक्षम न्यायालय के जमानत शर्तों का उल्ल्घंन एवं न्यायालय के आदेश का अवमानना करते हुए वर्तमान में तीसरी बार वन अपराध कारित किया गया है। वर्तमान में प्रकरण के बाकी 25 आरोपी फरार है, जिनकी पतासाजी की जा रही है।



