धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम छीपली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पीड़ित पक्ष के चम्पा लाल साहू ने मौके पर ही जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छीपली में तहसीलदार, पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान चम्पा लाल साहू के पशु आवास को अतिक्रमण बताकर बुलडोजर से हटाया गया। कार्रवाई से आहत होकर उन्होंने जहर सेवन कर लिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि गांव में मौजूद सभी अतिक्रमण पर समान रूप से कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करेंगे।








