Dhamtari: सिर्री में शासकीय महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 4.66 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति

कुरूद क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार को मिली बड़ी सौगात, आधुनिक एवं सुविधायुक्त महाविद्यालय भवन का होगा निर्माण

धमतरी। कुरूद विधानसभा क्षेत्र के सिर्री में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को महत्वपूर्ण गति मिली है। छत्तीसगढ़ शासन, उच्च शिक्षा विभाग द्वारा वर्ष 2026-27 के मूल बजट में प्रावधानित नवीन शासकीय महाविद्यालय सिर्री, कुरूद, जिला धमतरी के भवन निर्माण कार्य के लिए 465.84 लाख रुपये अर्थात लगभग 4 करोड़ 66 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे सिर्री सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा 25 जून 2026 को जारी प्रशासकीय स्वीकृति आदेश के अनुसार प्रदेश के 22 शासकीय महाविद्यालयों के भवन निर्माण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इनमें धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड अंतर्गत नवीन शासकीय महाविद्यालय सिर्री भी शामिल है। भवन निर्माण के लिए स्वीकृत राशि मानक प्राक्कलन के अनुसार निर्धारित की गई है।

नवीन महाविद्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। विशेषकर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को अपने घर के निकट उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों और अतिरिक्त व्यय से राहत मिलने के साथ ही क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण को और मजबूती मिलेगी।

विधायक अजय चंद्राकर ने जताया आभार

कुरूद विधायक  अजय चंद्राकर ने कहा कि सिर्री में शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए लगभग 4.66 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति कुरूद क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा सहित मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। महाविद्यालय भवन के निर्माण से सिर्री एवं आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में उच्च शिक्षा का दायरा और व्यापक होगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कहा—शिक्षा अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती

कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सिर्री में महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए मजबूत अधोसंरचना आवश्यक है। नवीन भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिला प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप निर्माण कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा गुणवत्तापूर्ण अधोसंरचना विकास पर विशेष ध्यान देगा।
शासन की इस पहल से सिर्री क्षेत्र में उच्च शिक्षा की आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी तथा आने वाले समय में क्षेत्र के युवाओं के लिए शिक्षा और बेहतर अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment