Dhamtari: वार्षिक अकादमिक एवं विद्यालयीन कार्यक्रमों की कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने की समीक्षा, आगामी सत्र की कार्ययोजना पर हुई चर्चा

धमतरीकलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टर कार्यालय में जिले में संचालित वार्षिक अकादमिक एवं विद्यालयीन कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना, विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार तथा विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। 
बैठक में मिशन अव्वल, कक्षा 10वीं एवं 12वीं की मासिक एवं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, कक्षा 5वीं एवं 8वीं के शैक्षणिक कार्यक्रम, जेईई, नीट, राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस), मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) सहित विभिन्न अकादमिक गतिविधियों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पिछले शैक्षणिक सत्र की उपलब्धियों, विद्यार्थियों के प्रदर्शन तथा सामने आई चुनौतियों की जानकारी दी। आगामी सत्र में परिणामों में गुणात्मक सुधार के लिए लक्ष्य निर्धारित कर चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
जेईई एवं नीट की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) प्रणाली से आयोजित अभ्यास परीक्षणों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, विषयवार तैयारी, परीक्षा की समय-प्रबंधन क्षमता तथा निरंतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई।
कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का निरंतर आकलन करते हुए कमजोर क्षेत्रों की पहचान कर समयबद्ध सुधारात्मक प्रयास किए जाएं। उन्होंने विद्यालयों में अकादमिक गतिविधियों को परिणामोन्मुख बनाने, विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक स्तर से तैयार करने तथा शिक्षकों एवं संबंधित टीमों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को उसकी क्षमता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अवसर और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।कलेक्टर ने संचालित अकादमिक कार्यक्रमों के लिए संबंधित टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए आगामी सत्र में नवाचार, नियमित निगरानी और बेहतर परिणाम के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए।
Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment