धमतरी। इन दिनों रविशंकर विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं चल रहीं हैं। जिले के बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भी परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। इन्हीं परीक्षाओं में गत 2 अप्रैल को बी.कॉम. द्वितीय वर्ष की लेखांकन विषय की परीक्षा थी। इस परीक्षा में लगभग 300 नियमित विद्यार्थी सहित स्वाध्यायी 81 में से 69 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए। उक्त परीक्षा में शामिल नहीं होने वाले 12 परीक्षार्थियों ने कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी को आवेदन देकर बताया कि उन्हें उक्त परीक्षा की समय सारिणी की जानकारी नहीं मिलने की वजह से वे परीक्षा से वंचित हो गए। कलेक्टर सुश्री नम्रता गाँधी ने इस पर जानकारी ली।प्राचार्य बीसीएस कॉलेज ने बताया कि पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी द्वारा परीक्षा पूर्व वेबसाइट पर अपलोड किया जाता है, जिसका अवलोकन विद्यार्थियों द्वारा किया जाता है। यूनिवर्सिटी द्वारा 12 फ़रवरी से सभी परीक्षाओ से सम्बंधित समय सारणी अपलोड कर दी गई है।
साथ ही महाविद्यालय के सूचना पटल पर परीक्षाओं की समय सारिणी चस्पा की जाती है, जिसका अवलोकन नियमित सहित स्वाध्यायी परीक्षार्थी भी करते हैं। उन्होंने यह भी बताया की पंडित रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी की वेबसाइट में लोक सभा निर्वाचन के कारण एक बार संशोधन हुआ है, जिसमे बी कॉम द्वितीय के समय सारणी में कोई संशोधन नही किया गया है। इन विधार्थियो ने कलेक्टर को आवेदन के साथ समय सारणी प्रस्तुत की है वह प्रस्तावित समय सारणी है। 2 अप्रैल की परीक्षा में भी 81 स्वध्यायी परीक्षार्थियों में से 69 परीक्षार्थी ने उपस्थित होकर परीक्षा दी हे। कलेक्टर सुश्री गाँधी ने परीक्षा देने वाले सभी विद्यार्थियों से कहा है की वे जब भी परीक्षा से सम्बंधित समय सारणी का अवलोकन करें तो अधिकृत विभागीय वेबसाईट से ही करें, किसी अन्य वेबसाइट से नहीं। ताकि ऐसी भ्रामक स्थिति उत्पन्न ना हो।




