फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर
कांकेर। जिले में प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान से किसानों को राहत दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ में पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना संचालित की जा रही है, जिससे प्राकृतिक आपदाओं से फसल प्रभावित होने पर उन्हें क्षतिपूर्ति मिल सके।
सहायक संचालक उद्यान ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार के उद्यानिकी विभाग द्वारा रबी वर्ष 2024 के लिए पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का पंजीयन 31 दिसम्बर 2024 निर्धारित की गई है। अधिसूचित क्षेत्र में अधिसूचित फसल उगाने वाले सभी किसान योजना का लाभ ले सकते हैं। ऋणी किसान जो योजना में शामिल नहीं होना चाहते हैं, उन्हे भारत सरकार द्वारा जारी प्रपत्र अनुसार हस्ताक्षरित घोषणा पत्र रबी के लिए 31 दिसम्बर तक संबंधित वित्तीय संस्थान में अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। संबंधित बैंक द्वारा स्वीकृत एवं नवीनीकृत किए गए अल्पकालीन कृषि ऋण को अनिवार्य रूप से बीमाकृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऋणी कृषक बीमित फसल में परिवर्तन करा सकते हैं। इसके लिए रबी मौसम में नामांकन की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर के 07 दिवस पूर्व इसकी सूचना संबंधित बैंक शाखा में दे सकते हैं।
सहायक संचालक ने बताया कि अधिसूचित फसल लगाने वाले सभी अऋणी किसान को प्रस्ताव पत्र के साथ नवीनतम आधार कार्ड, नवीनतम भूमि प्रमाण पत्र (बी-1. पी-2) की कॉपी, बैंक पासबुक के पहले पन्ने की छायाप्रति, फसल बुआई प्रमाण पत्र अथवा प्रस्तावित फसल बोने के आशय का स्वघोषणा पत्र, किसान वैध मोबाइल नंबर, बंटाईदार, काश्तकार, साझेदार, किसानों के लिए फसल साझा, काश्तकार का घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा। जिले में उद्यानिकी फसलों के बीमा के लिए भारतीय कृषि बीमा कंपनी को अधिकृत किया गया है।
रबी फसल हेतु प्रति हेक्टेयर टमाटर फसल के लिए बीमित राशि 88 हजार एवं किसान प्रीमियम राशि 4,400 रूपए है। इसी तरह बैंगन के लिए बीमित राशि 57 हजार रूपए एवं किसान प्रीमियम राशि 2850 रूपए, फूलगोभी के लिए बीमित राशि 54 हजार एवं किसान प्रीमियम राशि 2700 रूपए, पत्तागोभी के लिए बीमित राशि 54 हजार रूपए एवं किसान प्रीमियम राशि 2700 रूपए, प्याज के लिए बीमित राशि 55 हजार एवं किसान प्रीमियम राशि 2750 रूपए तथा आलू के लिए बीमित राशि 96 हजार एवं किसान प्रीमियम राशि 4800 रूपए है। इसके साथ ही किसान उपरोक्त फसल हेतु अतिरिक्त/एड-ऑन कवरेज भी करवा सकते हैं।