मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। जिले के अमृत धारा जलप्रपात में पिकनिक मनाने गए 2 लोगों की डूबने से मौत हो गई। जबकि एक कर्मचारी किसी तरह बाहर निकल गया। घटना पोड़ी थाना इलाके के नागपुर चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि, तीनों को तैरना नहीं आता था।
मिली जानकारी के अनुसार SECL चिरमिरी में पदस्थ अधिकारियों समेत 8 लोग मंगलवार को पिकनिक मनाने के लिए अमृत धारा जल प्रपात गए थे। वे शाम करीब 4 बजे अमृतधारा जल प्रपात के नीचे हसदेव नदी में नहा रहे थे। इस दौरान नहाने समय 3 कर्मचारी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। एक कर्मचारी किसी तरह निकलने में सफल रहा। वहीं 2 कर्मचारियों की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह की टीम और SECL की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मनेंद्रगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। मरने वालों की पहचान शुभम मलार निवासी शहडोल और पृथ्वी सेटी निवासी तेलंगाना के रूप में हुई है। दोनों SECL के अंडर मैनेजर के पद पर पदस्थ थे।