रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव अमिताभ जैन के कार्यकाल को जारी रखने का निर्णय लिया है। इस संबंध में फैसला सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। अमिताभ जैन 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और बीते कुछ वर्षों में उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, उनकी सेवाएं अनुभव और दक्षता को देखते हुए बढ़ाई गई हैं ताकि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को गति मिल सके। बताया गया कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं जैसे निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, जनकल्याण योजनाओं और सुशासन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर की ओर से 30 जून 2025 को आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार, AIS (DCRB) Rules, 1958 के नियम 16(1) के तहत भारत सरकार, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली के पत्र क्रमांक 26014/03/2022-AIS-II(Pension) दिनांक 30.06.2025 के द्वारा मुख्य सचिव अमिताभ जैन (बैच-1989) का सेवा कार्यकाल आगामी 1 जुलाई 2025 से 30 सितंबर 2025 तक बढ़ा दिया गया है।



