मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। महासमुन्द जिले के युवा मिलिंन पुनम चंद्राकर को प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के करकमलों से प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच और लाभकारी योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है। इन्हीं योजनाओं में से एक प्रधानमंत्री कुसुम योजना है, जिसके अंतर्गत किसानों और युवाओं को अपनी भूमि पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के युवा मिलिंन पुनम चंद्राकर ने अपनी भूमि पर 1 मेगावॉट सोलर पावर प्लांट स्थापित कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मिलिंन चंद्राकर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जी की इस महत्वाकांक्षी योजना से उन्हें आर्थिक स्वावलंबन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने इस उपलब्धि के लिए मिलिंन चंद्राकर को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे युवा आने वाले समय में प्रदेश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास की राह को मजबूत करेंगे।
इस उपलब्धि से मिलिंन चंद्राकर और उनके परिवार में हर्ष का माहौल है। गांव के लोगों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और इसे अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना न केवल किसानों और युवाओं के लिए आय का नया स्रोत बन रही है, बल्कि यह स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश को नई दिशा दे रही है।




