धमतरी…. प्राथमिक साख सहकारी मर्यादित संस्था दोनर के वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू शामिल हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से छत्तीसगढ़ महतारी की छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। रंजना साहू सहित आए हुए सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
अतिथि उद्बोधन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने सर्वप्रथम प्राथमिक साख सहकारी मर्यादित संस्था, दोनर के वार्षिक आमसभा में आमंत्रित किए जाने के लिए सभी का हृदय से आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह संस्था वर्षों से किसानों, श्रमिकों, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए आर्थिक संबल का कार्य कर रही है, ऐसी संस्थाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक आर्थिक सशक्तिकरण पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनती हैं।
श्रीमती साहू ने आगे कहा कि आज जब हम आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहे हैं, तब सहकारी संस्थाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। मैं संस्था के समस्त पदाधिकारियों को बधाई देती हूँ, जिन्होंने ईमानदारी और निष्ठा से संस्था का संचालन किया।




