मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक अंतर्गत कूड़ेकेल क्षेत्र के किसानों ने फसल क्षतिपूर्ति बीमा राशि नहीं मिलने से परेशान होकर आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा से उनकी फसल को भारी नुकसान हुआ था, जिसके बाद उन्होंने नियमानुसार बीमा दावा प्रस्तुत किया, लेकिन कई महीनों बीत जाने के बावजूद अब तक उन्हें क्षतिपूर्ति की राशि प्राप्त नहीं हो सकी है।
किसानों ने आरोप लगाया कि तहसील कार्यालय के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहा है। तहसीलदार और पटवारी द्वारा लगातार टालमटोल किए जाने से किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किसानों का कहना है कि आर्थिक संकट के चलते उन्हें खेती-किसानी और पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने कलेक्टर से शीघ्र हस्तक्षेप कर बीमा राशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इस दौरान किसानों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे शांतिपूर्वक थाना प्रदर्शन करेंगे ।
कलेक्टर ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया और जल्द ही प्रकरणों का निराकरण कर पात्र किसानों को बीमा राशि उपलब्ध कराने की बात कही। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद किसानों ने उम्मीद जताई है कि उन्हें जल्द ही राहत मिलेगी।




