बगौद में अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई, निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स पर चला बुलडोजर

धमतरी…. जिले के कुरुद ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बगौद में सोमवार को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. पंचायत भवन के सामने बन रहे निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलाकर उसे ढहा दिया गया. कार्रवाई के बाद कब्जाधारी पक्ष ने प्रशासन पर बिना पर्याप्त समय दिए कार्रवाई करने का आरोप लगाया है.

कब्जाधारी हेमचंद साहू ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए कहा कि संबंधित जमीन उन्होंने वर्षों पहले लगानी समझकर खरीदी थी. उसकी बाकायदा रजिस्ट्री भी कराई गई थी. उनका दावा है कि करीब 40 साल से परिवार उस जमीन पर काबिज था, जहां पहले घासफूस का मकान, कुआं और बाड़ी मौजूद थी. वहीं आबादी भूमि पर निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण माना है. कार्रवाई के दौरान कुरुद तहसीलदार सूरज बंछोर, राजस्व अमला और पुलिस बल की मौजूदगी रही.

कुरुद तहसीलदार सूरज बंछोर ने बताया कि यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुरुद के आदेश के पालन में की गई है. उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि आबादी भूमि है और वहां गैर-आवासीय उद्देश्य से निर्माण किया जा रहा था. तहसीलदार के अनुसार संबंधित व्यक्ति के पास जमीन का कोई वैध पट्टा नहीं है, इसलिए निर्माणाधीन हिस्से पर कार्रवाई की गई है.

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail