धमतरी। धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने हेरोइन चिट्टा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना के आधार पर 19 जून को आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी के कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), नगदी रकम, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल सहित लगभग 2.30 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 152/2026 धारा 21(क), 29 एवं 27-ए एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी से की गई पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अभिनय तिवारी उर्फ लवली द्वारा हेरोइन (चिट्टा) की खरीद के लिए राशि उपलब्ध कराई जाती थी तथा उसी के निर्देश पर मादक पदार्थ मंगवाया जाता था। जांच में यह भी पता चला कि चार दिन पूर्व गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी को राजनांदगांव से हेरोइन (चिट्टा) लाने हेतु नगद राशि एवं मोटरसाइकिल भी अभिनय तिवारी उर्फ लवली द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।
प्रकरण में आरोपी अभिनय तिवारी उर्फ लवली की सक्रिय भूमिका, वित्तीय सहयोग एवं मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से प्रकरण में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जप्त किया गया है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपी अभिनय तिवारी उर्फ लवली पूर्व में भी हेरोइन (चिट्टा) संबंधी प्रकरण में गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेजा गया है। प्रकरण में हेरोइन सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपी हैप्पी सरदार की तलाश जारी है। मामले की विवेचना गंभीरता एवं सूक्ष्मता से की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।









