महासमुंद में 9.27 करोड़ के सोने के आभूषण जब्त, सिंघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई 

मनीष सरवैया @ महासमुंद।  महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वोक्सवैगन कार से करीब 9 करोड़ 18 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने सोने के आभूषणों के परिवहन में प्रयुक्त कार सहित कुल 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले अवैध परिवहन पर रोक लगाने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 मई 2026 को एनएच-353 स्थित रेहटीखोल नाका में सिंघोड़ा पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही वोक्सवैगन वर्टस कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर तलाशी ली गई।
कार में सवार तीनों युवक गुजरात के राजकोट निवासी बताए गए हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने कार की पिछली सीट में बनाए गए चैंबर में पीठू बैग रखकर सोने के आभूषण परिवहन करना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर दो बैगों में रखे छह प्लास्टिक बॉक्स से विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण बरामद हुए, जिनका कुल वजन 7512.488 ग्राम पाया गया। बरामद आभूषणों की कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों से सोने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा और धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत सोना और वाहन जब्त कर लिया गया। मामले को आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई हेतु आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय, छत्तीसगढ़ को प्रेषित किया गया है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail