कल्याण ज्वेलर्स में बड़ी डकैती होने से पहले ही नाकाम

रायपुर।   कल्याण ज्वेलर्स में बड़ी डकैती होने से पहले ही नाकाम कर दी गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी दिल्ली और बिहार के हैं।

आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नए रोड के पास मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर तीन युवकों को हिरासत में लिया।

डीसीपी के मुताबिक, तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की योजना बना रहे थे।

पुलिस ने दिल्ली के देवांश शर्मा (19), सुशांत कुमार पासवान (19) और बिहार के मुजफ्फरपुर के मयंक सिंह (19) को गिरफ्तार किया गया है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment