धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र के मेघा -छिपली मार्ग पर बाइक खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9:30 बजे मेघा-छिपली मार्ग पर हुई। छिपली गांव का रहने वाला लोकेश्वर यादव (32 वर्ष) अपने चचेरे भाई खेमलाल यादव के साथ सेन्हाभाठा स्थित एक राइस मिल में हमाली (मजदूरी) का काम करता था। बुधवार रात को काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान मेघा-छिपली मार्ग पर बंद पड़ी गुप्ता राइस मिल के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से उनकी बाइक सीधी टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोकेश्वर के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।







