धमतरी। जिला कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन धमतरी में आज छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के युवा कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की। बैठक में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए लेखराम साहू ने कहा कि युवा कांग्रेस हमेशा से कांग्रेस पार्टी की रीढ़ रही है और संगठन को मजबूत बनाने में युवाओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं युवा कांग्रेस से राजनीतिक सफर शुरू कर सरपंच, जनपद सदस्य और विधायक जैसे महत्वपूर्ण चुनावों में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को निश्चित रूप से सफलता मिलती है।







