भाजपा नेता को कार में जिंदा जलाया, मौत, 4 गिरफ़्तार

कोरिया। जिले के सोनहत थाना क्षेत्र में रेत खनन के अवैध कारोबार को लेकर चल रहे विवाद में मंगलवार देर रात एक भाजपा नेता को उनकी कार में जिंदा जला दिया गया। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति की भी अस्पताल में मौत हो गई। कुल दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं।

भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह, जो भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष थे, अपने घर के सामने खड़ी टोयोटा फॉर्च्यूनर कार में बैठे थे। इसी दौरान आरोपियों ने कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। लल्ला सिंह कार में फंस गए और मौके पर ही उनकी जलकर मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। अभी तक अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मनोज त्रिपाठी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कार में उनके भाई नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह और रायपुर निवासी विरेंद्र सिंह भी सवार थे। तीनों किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल हुए, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी फरसे और लाठियों से हमला कर दिया। विरेंद्र सिंह के गले पर फरसे से गंभीर चोट आई थी। उन्हें अंबिकापुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

नागेंद्र सिंह, मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail