19 दिन बाद भी नहीं हुई भाजपा नेता की गिरफ्तारी, भीषण गर्मी में आदिवासी परिवार के समर्थन में सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी

गिरफ्तारी नही होने पर 7 जून को मुख्यमंत्री निवास घेराव की चेतावनी

मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। आदिवासी परिवार के साथ कथित जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी के मामले में एट्रोसिटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होने के बावजूद 19 दिनों तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आम आदमी पार्टी ने सोमवार को पिथौरा में विशाल प्रदर्शन किया।

नौतपा की भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने आदिवासी परिवार के समर्थन में रैली निकालकर थाना पिथौरा का घेराव किया तथा थाना प्रभारी को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान “आदिवासियों पर अत्याचार बंद करो”, “एससी-एसटी एक्ट के आरोपियों को गिरफ्तार करो” और “भाजपा नेता को संरक्षण देना बंद करो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

आम आदमी पार्टी नेताओं ने इसे आदिवासी सम्मान, न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई बताया।

मामला ग्राम डोंगरीपाली स्थित भूमि खसरा नंबर 425/1 से जुड़ा हुआ है। पीड़ित मनबोध कोड़ाकू के अनुसार खरीफ सीजन के दौरान वे अपने परिवार के साथ खेत में धान की कटाई कर रहे थे, तभी आरोपी दुलीकेशन साहू और किरण साहू वहां पहुंचे और खेत को अपना बताते हुए धान कटाई रोकने लगे। विरोध करने पर कथित रूप से जातिसूचक गाली-गलौज की गई तथा डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।

लगातार मांग के बाद लगभग छह महीने पश्चात 6 मई 2026 को थाना पिथौरा में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध), 3(2)(v) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(2) एवं 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

हालांकि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार और आम आदमी पार्टी में भारी नाराजगी है।

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर ने आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी भाजपा से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस प्रशासन कार्रवाई करने से बच रही है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव के कारण आरोपियों को पुलिस के कुछ उच्च अधिकारी द्वारा संरक्षण दिया जा रहा है।

भूपेंद्र चंद्राकर ने कहा कि एक आदिवासी परिवार के साथ खुलेआम अन्याय हुआ है, लेकिन एफआईआर के बावजूद पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदिवासियों की सुरक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, परंतु जमीनी हकीकत कुछ और ही है।

पीड़ित मनबोध कोड़ाकू ने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपी अब भी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और लगातार समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार को विभिन्न माध्यमों से डराया और धमकाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

7 जून को रायपुर में प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 6 जून तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो 7 जून को राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास घेराव का प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

पार्टी नेताओं ने बताया कि इस आंदोलन में दिल्ली के विधायक मुकेश अहलावत सहित कई राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे।

पार्टी नेताओं ने कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के सम्मान और न्याय की लड़ाई है। यदि पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र चंद्राकर, यूथ विंग प्रदेश अध्यक्ष इमरान खान, प्रदेश सचिव संतोष चंद्राकर, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण यादव, प्रदेश सचिव रुद्र सेन सिन्हा, लोकसभा अध्यक्ष महेश यादव, संगठन मंत्री सकील खान, बसना पार्षद अमरीन इरफान इल्लू,प्रदेश संयुक्त सचिव संजय यादव, गरियाबंद जिला अध्यक्ष चमन यादव, यूथ विंग जिला अध्यक्ष खिरोद पटेल, धमतरी जिला अध्यक्ष विनोद सचदेवा, यूथ विंग जिला अध्यक्ष ललित नागर्ची, जिला उपाध्यक्ष थानेश निर्मलकर, जिला महासचिव पुरोहित बंजारे, जिला महासचिव मधुराम यादव, जिला उपाध्यक्ष गोपालदास वैष्णव, पार्षद इरफान खान, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मिलासिनी सिंह,विधानसभा प्रभारी भुनेश्वर साहू,विकास दास मानिकपुरी,हरीश पटेल, पिथौरा ब्लॉक अध्यक्ष एम.डी. सागर,मीनाक्षी ठाकुर, संतोषी साहू,मोहन साहू,गुणसागर चौहान,अगेश्वर यादव,माधव सोना,मीना यादव,अजय टोन्द्रे, रामदास निसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail