धमतरी। धमतरी-सिहावा मार्ग पर सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक छिपली निवासी वीरेश पटेल (16) और दीपक विश्वकर्मा बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डोंगाडुला से आगे उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को नगरी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को धमतरी जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में वीरेश पटेल की मौत हो गई। वहीं दीपक विश्वकर्मा का अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
फायर ब्रिगेड वाहन हादसे का शिकार
दूसरी घटना केरेगांव-गट्टासिली मार्ग स्थित एक खतरनाक मोड़ पर हुई। बताया जा रहा है कि नगर पंचायत नगरी की फायर ब्रिगेड धमतरी की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी क्रूजर वाहन से जा टकराया।हादसा इतना भयावह था कि फायर ब्रिगेड वाहन सीधे क्रूजर के ऊपर चढ़ गया। दुर्घटना में चालक मनोज उर्फ राजू साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।








