बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वर्ष 2026 की स्टेटस रिपोर्ट जारी करते हुए प्रदेश की विशेष एमपी-एमएलए अदालतों में चल रहे मामलों की समीक्षा की है। रिपोर्ट के अनुसार राज्य के 15 से अधिक वर्तमान और पूर्व सांसदों तथा विधायकों के खिलाफ 20 से ज्यादा आपराधिक प्रकरण विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों का जल्द निपटारा सुनिश्चित करने के लिए सभी विशेष अदालतों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अदालतों से लंबित प्रकरणों की अद्यतन जानकारी मांगी गई है और अनावश्यक देरी से बचते हुए सुनवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कई चर्चित नेताओं के मामले विचाराधीन
रायपुर स्थित विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, विधायक कवासी लखमा और देवेंद्र यादव समेत कई वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दर्ज मामलों की सुनवाई जारी है। इनमें सरकारी कार्य में बाधा, प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मामलों सहित अन्य प्रकरण शामिल हैं। वहीं कवासी लखमा से जुड़े ईडी और शराब घोटाले से संबंधित मामलों पर भी न्यायालय में प्रक्रिया जारी है।








