कांग्रेसियों ने किया एसडीएम कार्यालय का घेराव 

महासमुंद @ मनीष सरवैया। महासमुंद कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में पूर्व में स्वीकृत सड़कों के निर्माण कार्य शुरू नहीं होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेसियों ने नगर के मुख्य मार्गों से रैली निकालते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में दावनबोड़ से सुखरीडबरी पहुंच मार्ग, अनवरपुर से सुखरीडबरी पहुंच मार्ग, बेलर से मोहंदी पहुंच मार्ग तथा पडकीपाली से हाड़ाबंद ब्रिज पहुंच मार्ग सहित कई सड़कों को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी थी। इसके बावजूद अब तक प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिलने और निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने से क्षेत्र की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर विधायक एवं जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने कहा कि सड़क निर्माण नहीं होने के कारण ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। किसानों को धान विक्रय केंद्रों तक अपनी उपज पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा स्कूली बच्चों को भी विद्यालय आने-जाने में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित सड़कों के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail