धमतरी…. चौकी बिरेझर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। हत्या के इस मामले में पुलिस ने मृतक के मां और भाई को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। दरअसल आरोपियों ने युवक की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची थी।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नरेश साहू और कमला बाई साहू ने बताया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद एवं मारपीट होने लगी, जिससे आक्रोशित होकर दोनों ने पहले हाथ से गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक दवा भी पिला दी। अपराध छिपाने एवं पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का स्वरूप देने का प्रयास किया तथा परिजनों के समक्ष झूठी कहानी गढ़ी। विवेचना में साक्ष्य छिपाने एवं एक से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर प्रकरण में संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर थाना कुरुद में अपराध क्र.199/2026 धारा 103(1),238,3,(5) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।








