धमतरी। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने सहकारिता बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए धमतरी और महासमुंद जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं के कार्यालय भवन निर्माण एवं उन्नयन कार्यों के लिए 2 करोड़ 61 लाख 77 हजार रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। लंबे समय से लंबित भवन निर्माण की मांगों को मंजूरी मिलने से क्षेत्र के किसानों और बैंक ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
स्वीकृत राशि के अनुसार दरबा शाखा के लिए 60.70 लाख रुपये, नारी शाखा के लिए 52.25 लाख रुपये, कोर्रा शाखा के लिए 50 लाख रुपये तथा धमतरी शाखा भवन के उन्नयन एवं जिला नोडल कार्यालय निर्माण के लिए 38.82 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं महासमुंद जिले की झलप शाखा के लिए 60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।








