ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की समन्वय बैठक,  एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट के ऑनलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर

धमतरी, 14 अगस्त। ई-मेडलीएपीआर (MedLEaPR) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से आज जिला चिकित्सालय, धमतरी के सिविल सर्जन कक्ष में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने की। बैठक में पुलिस विभाग की ओर से डीएसपी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में ई-मेडलीएपीआर के क्रियान्वयन की स्थिति, प्रक्रिया में आ रही व्यावहारिक एवं तकनीकी कठिनाइयों तथा उनके त्वरित निराकरण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक, जिला धमतरी द्वारा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रेषित पत्र के माध्यम से भी ई-मेडलीएपीआर से संबंधित समस्याओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी निराकरण तथा नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में सभी संबंधित संस्थानों में ई-मेडलीएपीआर के लिए नोडल अधिकारी की भूमिका को प्रभावी बनाने, सीसीटीएनएस/ई-मेडलीएपीआर के माध्यम से प्राप्त एमएलसी एवं पीएम रिक्वेस्ट का समय पर निराकरण करने तथा चिकित्सकों द्वारा एमएलसी रिपोर्ट ऑनलाइन जनरेट किए जाने की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। लंबित एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अधिकारियों ने कहा कि ई-मेडलीएपीआर के माध्यम से एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट की प्रक्रिया को शत-प्रतिशत ऑनलाइन एवं समयबद्ध बनाना स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय के साथ-साथ न्यायिक प्रक्रिया को भी अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल प्रणाली के माध्यम से आवश्यक चिकित्सकीय एवं कानूनी दस्तावेजों की उपलब्धता में पारदर्शिता, त्वरित संप्रेषण तथा प्रकरणों के समयबद्ध निष्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ई-मेडलीएपीआर के संचालन में आने वाली तकनीकी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से त्वरित कार्रवाई करेंगे। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा आवश्यकता अनुसार संबंधित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को प्रक्रिया संबंधी मार्गदर्शन एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला चिकित्सालय तथा पुलिस मुख्यालय के ऑनलाइन नोडल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रही। अधिकारियों ने ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समन्वय, सतत निगरानी और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने पर सहमति व्यक्त की।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

ई-मेडलीएपीआर के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग की समन्वय बैठक,  एमएलसी एवं पीएम रिपोर्ट के ऑनलाइन प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर