धमतरी…. शहर में शनिवार को छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक दिवस को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. मराठा समाज की ओर से रत्नाबांधा रोड स्थित छत्रपति शिवाजी चौक में शिवाजी महाराज की प्रतिमा का विधि-विधान से अभिषेक किया गया. इस अवसर पर समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. कार्यक्रम में धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी शामिल हुए और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया.
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई. इसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का सात पवित्र नदियों के जल से अभिषेक किया गया. समाज के लोगों ने पुष्प अर्पित कर शिवाजी महाराज के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति को याद किया. इस दौरान “जय भवानी, जय शिवाजी” के जयघोष गूंजते रहे. मराठा समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि शिवाजी महाराज के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है.
कार्यक्रम में पहुंचे धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं, जिन्होंने साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और सुशासन का अद्वितीय उदाहरण पेश किया. उनका जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणा स्रोत है. शिवाजी महाराज के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा, समाज सेवा और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आना चाहिए।








