मजदूर रविशंकर पटेल की रचनाओं को बेटी हर्षलता ने दिए सुर

धमतरी। प्रतिभा और समर्पण किसी पहचान के मोहताज नहीं होते। धमतरी जिले के कुरुद क्षेत्र के ग्राम नवागांव-कंडेल से ऐसी ही एक प्रेरणादायी कहानी सामने आई है, जहां एक साधारण श्रमिक पिता की रचनात्मक सोच और उसकी बेटी की मधुर आवाज ने पुलिस अधिकारियों का दिल जीत लिया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुई इस विशेष प्रस्तुति ने मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया।

ग्राम नवागांव-कंडेल निवासी रविशंकर पटेल पेशे से मजदूर हैं, दिनभर मेहनत-मजदूरी करने वाले रविशंकर ने जिले में नशे के खिलाफ अभियान, अवैध शराब, गांजा तस्करी, जुआ-सट्टा और चाकूबाजी पर पुलिस की सख्त कार्रवाई को करीब से देखा। पुलिस की जनसेवा और कानून व्यवस्था के प्रति समर्पण ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने खाकी के सम्मान में गीतों की रचना कर डाली।

रविशंकर पटेल अपनी पुत्री हर्षलता पटेल के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां हर्षलता ने अपने पिता द्वारा लिखे गए गीतों को अपनी मधुर और प्रभावशाली आवाज में प्रस्तुत किया। उसकी गायकी में पुलिस जवानों का त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और जनता की सुरक्षा के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से झलक रहा था। हर्षलता की प्रस्तुति ने वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे-जैसे गीत आगे बढ़ते गए, पूरा वातावरण भावनात्मक होता चला गया। प्रस्तुति समाप्त होने पर एसपी कार्यालय तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और सभी ने उसकी प्रतिभा की खुलकर सराहना की।

एसपी ने किया सम्मानित
इस अनूठे और रचनात्मक प्रयास से प्रभावित होकर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने रविशंकर पटेल और हर्षलता पटेल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail