कोमाखान थाना में शव रख कर प्रदर्शन 

मनीष सरवैया महासमुंद ‌। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मृतक चितरंजन पटेल के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कोमाखान थाना पहुंचकर शव रखकर प्रदर्शन किया और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुसमी निवासी चितरंजन पटेल शादी समारोह से लौट रहा था, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने उसके साथ मारपीट की। घायल अवस्था में युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की मां लीलाबाई पटेल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कोमाखान थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने मामूली धाराएं लगाकर आरोपियों को छोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि समय रहते कड़ी कार्रवाई होती तो युवक की जान बच सकती थी।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने थाना परिसर में शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail