रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। नवा रायपुर में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एसआईआर, नीट पेपर लीक और जंतर-मंतर पर गोली चलने जैसे मुद्दों को लेकर देश के युवाओं के बीच भ्रम और आक्रोश पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतांत्रिक तरीके से नरेंद्र मोदी की सरकार को नहीं हरा पाए, इसलिए अब दूसरे हथकंडे अपना रहे हैं।
विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ऐसे ज्वलंत मुद्दों के जरिए युवाओं में क्रोध भरना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में बांग्लादेश और नेपाल जैसी अराजक स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन ऐसा होने नहीं दिया जाएगा।
विजय शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी लगातार संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहे हैं। सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन हर बार नया मुद्दा उठाकर संसद को चलने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने जंतर-मंतर की घटना को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर कहा कि यदि वे गोली चलने की बात जिम्मेदारी से कह रहे हैं तो उन्हें इसे साबित करना चाहिए।
गृह मंत्री अमित शाह के संसद में जंतर-मंतर की घटना पर जवाब देने की बात को लेकर विजय शर्मा ने कहा कि सरकार सदन में हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने राहुल गांधी से अपील करते हुए कहा कि जब अमित शाह सदन में जवाब देने आएं तो राहुल गांधी सदन से भागें नहीं और गृह मंत्री की पूरी बात सुनें।
‘झारखंड में पेपर लीक हुआ, राहुल गांधी नदारद’
विजय शर्मा ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी राहुल गांधी को घेरा। उन्होंने कहा कि झारखंड में पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन राहुल गांधी वहां नजर नहीं आए। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां उनकी सरकार होने के कारण वे चुप्पी साधे हुए हैं। गृह मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को युवाओं के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय जहां उनकी पार्टी की सरकार है, वहां भी इन मामलों पर जवाब देना चाहिए।
प्रेस वार्ता में विजय शर्मा ने बस्तर में आयोजित होने वाली तिरंगा बाइक रैली की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त से नारायणपुर से तिरंगा बाइक रैली शुरू होगी, जो बस्तर के उन इलाकों से होकर गुजरेगी, जिन्हें कभी घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र माना जाता था।
उन्होंने कहा कि इस बार बस्तर में हर जगह तिरंगा लहराया जाएगा और ऐसा कोई क्षेत्र नहीं होगा जहां तिरंगे का अपमान हो।
12 अगस्त को पहले दिन रैली नारायणपुर से शुरू होकर धौड़ाई, कन्हारगांव, कोडेनार, बोदली, सातधार, बारसुर और गीदम होते हुए दंतेवाड़ा पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम होगा।









