सुशासन तिहार में मेधावी छात्रा का सम्मान, टैबलेट देकर बढ़ाया उत्साह

ग्रामीण अंचल की बेटी बनी प्रेरणा, मुख्यमंत्री ने सराहा उत्कृष्ट प्रदर्शन

धमतरी…. जिले के छोटे से ग्राम कंडेल की बेटी कुमारी कुसुम लता बिप्रे ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल जिले का मान बढ़ाया, बल्कि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है।

सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुसुम लता को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे की पढ़ाई और तकनीकी शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से टैबलेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं तथा राज्य सरकार उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कुसुम लता की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि यह ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था, परिवार के संस्कार और विद्यार्थियों की मेहनत का सकारात्मक परिणाम है। साधारण परिवार से आने वाली कुसुम लता ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में आगे बढ़ने का संकल्प हो, तो परिस्थितियां सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं। उनकी सफलता से जिले के अन्य विद्यार्थियों में भी शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं राज्य की अमूल्य पूंजी हैं और शासन उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल संसाधन तथा बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कुसुम लता की यह उपलब्धि आज हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण आने वाली पीढ़ी को यह संदेश देता है कि सपने गांवों से भी उड़ान भर सकते हैं और प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती। इस अवसर पर सांसद महासमुंद रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरूद अजय चन्द्राकर, विधायक धमतरी ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे ।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment

Traffic Tail