धमतरी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित की जाने वाली नीट-यूजी 2026 परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए धमतरी जिले में सभी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए संबंधित विभागों एवं परीक्षा केंद्रों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिले में इस बार कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1176 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें बीसीएस पी.जी. कॉलेज धमतरी में 480, शिव सिंह वर्मा शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल धमतरी में 240, नारायण राव मेघावाले शासकीय गर्ल्स कॉलेज धमतरी में 240 तथा भोपाल राव पावार शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज रूद्री में 216 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सहायता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समुचित व्यवस्था की जा रही है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की महत्वपूर्ण परीक्षा के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा का संचालन निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से कराया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी अथवा आवश्यक मार्गदर्शन के लिए अभ्यर्थी सिटी कोऑर्डिनेटर से मोबाइल नंबर 9304701155 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को आश्वस्त किया है कि परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।








